पिनानी (पौड़ी)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने अपने पैतृक गांव पिनानी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। पिनानी में पहली बार हो रहे इस टूर्नामेंट में 27 से अधिक टीमों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिदिन दो मैच खेले जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में क्रिकेट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

मैच के दौरान युवा खिलाड़ियों के जोशीले नारों से पूरी घाटी गूंज उठती है, वहीं महिला मंगल दल पारंपरिक चौंफला नृत्य और लोकगीतों की धुनों पर आयोजन का आनंद ले रहे हैं।
इस अवसर पर डॉ. निशंक ने कहा कि हिमालय की गोद में जन्मा हर व्यक्ति असीम संभावनाओं से भरा है, चाहे वह खेल का क्षेत्र हो, सैनिकों का शौर्य हो, मातृशक्ति की जिजीविषा हो या राजनीति। उन्होंने युवाओं में खेल के प्रति बढ़ते रुझान को सकारात्मक बताते हुए अपने बचपन की यादें साझा कीं और कहा कि इन्हीं खेतों में उन्होंने खेती के सभी काम किए हैं। उन्होंने युवाओं को लगन, निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। साथ ही भविष्य में यहां स्टेडियम निर्माण के लिए राज्य सरकार से पहल करने की बात कही।
डॉ. निशंक की पुत्री विदुषी निशंक ने घोषणा की कि स्वर्गीय माता की स्मृति में स्थापित कुसुम कांता फाउंडेशन के माध्यम से खिलाड़ियों को हर वर्ष प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। उन्होंने महिला मंगल दल और युवक मंगल दलों को मुख्यधारा से जोड़कर गांव के सर्वांगीण विकास पर काम करने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम में पौड़ी ब्लॉक प्रमुख स्मिता नेगी, पाबो के ज्येष्ठ प्रमुख राजपाल गुसाईं, थैलीसैंण के पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख बालकृष्ण चमोली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, महिला एवं युवक मंगल दलों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। इसके पश्चात डॉ. निशंक ने जबरौली महादेव में पूजा-अर्चना की।