देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित द्वितीय मंजूल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मैदान में उतरकर क्रिकेट बॉल पर शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
पहले मुकाबले में दून डेयर डेविल ने दून सुपर किंग्स को 62 रन से हराया, जबकि दूसरे मैच में दून सुपर ज्वाइंटस ने दून कैपिटल्स को 5 विकेट से मात दी। ठाकुर नेगी और साकेत पंत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक व मानसिक विकास के साथ अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाते हैं। उन्होंने “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसे अभियानों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय सिंह राणा ने आयोजन को खिलाड़ियों और पत्रकारों के बीच समन्वय बढ़ाने वाला बताया।