स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में रंगों संग सजी होली, लोकसंस्कृति की छटा बिखरी

देहरादून। स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय एवं हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। परिसर में चारों ओर होली की उमंग छाई रही। छात्र-छात्राओं के साथ अध्यापक भी रंगों में सराबोर नजर आए और पूरा वातावरण संगीत व उत्साह से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीरज श्रीवास्तव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद बी.ए.एम.एस., बी.एन.वाई.एस. एवं बी.एससी. नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर सभी का मन मोह लिया।

संगीत विभाग की प्रस्तुतियाँ समारोह का विशेष आकर्षण रहीं। राहुल रावत ने पारंपरिक बैठकी होली के मधुर गीत प्रस्तुत कर कुमाऊँ-गढ़वाल की लोकसंस्कृति की झलक पेश की। लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित बैठकी होली ने उपस्थित जनों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य किया।

विभिन्न नृत्य, लोकगीत एवं रंगारंग कार्यक्रमों ने आयोजन को यादगार बना दिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षाविदों एवं स्थानीय ग्राम प्रधानों ने प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश देते हुए सामाजिक एकता पर बल दिया।

कार्यक्रम का संचालन अर्पण ने किया। समारोह में संस्था के सचिव बालकृष्ण चमोली, संयुक्त निदेशक डॉ. प्रदीप कोठियाल सहित विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य, विद्यार्थी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सभी ने रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *