
चिन्यालीसौड़। जिला भेषज संघ उत्तरकाशी की शाखा चिन्यालीसौड़ से डायरेक्टर पद पर कमल नौटियाल ने दूसरी बार भारी मतों से जीत दर्ज की है। वहीं, आरक्षित सीट से भाजपा नेता जीतलाल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
दोनों की जीत पर क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। स्थानीय लोगों ने चिन्यालीसौड़ भेषज समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने कर्मठ, ईमानदार एवं जनसेवा के प्रति समर्पित उम्मीदवारों को अपना समर्थन देकर विजय दिलाई है।
इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष शूरवीर रांगड़,सुरेंद्र कुमार, राकेश मेहरा, नरेंद्र सिंह बिष्ट, व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णा नौटियाल, तेजेंद्र रावत, विक्रम सिंह पंवार, प्रवेंद्र बडोनी,आनंद मोहन, सरवीर चंद रमोला सहित कई लोग मौजूद रहे।
जिला भेषज संघ का मुख्य काम क्या है?
जिला भेषज सहकारी संघ का मुख्य उद्देश्य औषधीय एवं सुगंधित पौधों यानी जड़ी-बूटियों की खेती को बढ़ावा देना और इससे स्थानीय किसानों की आमदनी तथा रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
इसके प्रमुख कार्य।
1- किसानों को जड़ी-बूटी की खेती के लिए प्रोत्साहित करना और प्रशिक्षण देना।
2- औषधीय पौधों की नर्सरी विकसित करना तथा पौधे उपलब्ध कराना।
3- किसानों द्वारा उत्पादित जड़ी-बूटियों के संग्रहण, खरीद और विपणन में सहयोग करना।
4-जड़ी-बूटी आधारित स्वरोजगार और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देना।
5-सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने में सहयोग करना।
6- औषधीय पौधों के उत्पादन और व्यवसाय के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करना।
जिला भेषज संघ पहाड़ी क्षेत्रों में जड़ी-बूटी उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए किसानों को औषधीय पौधों की खेती से जोड़ने का काम करता है। उत्तरकाशी जैसे पर्वतीय जिले में यह संस्था स्थानीय किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने, जड़ी-बूटी की नर्सरी विकसित करने और उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। ऐसे में नवनिर्वाचित डायरेक्टरों के सामने किसानों को भेषज योजनाओं से जोड़ने और इस क्षेत्र में रोजगार की संभावनाएं बढ़ाने की जिम्मेदारी भी होगी।