पहाड़ की बेटी ने दक्षिण में लहराया परचम,तेनकासी की डीएम बनी मोनिका राणा।

 

डीएम का पदभार ग्रहण करने के बाद IAS डॉ मोनिका राणा

 

हरीश थपलियाल टीवी पत्रकार 

देहरादून। उत्तराखंड की बेटी डॉ. मोनिका राणा ने अपनी प्रतिभा और प्रशासनिक कार्यशैली से एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 2018 बैच की आईएएस अधिकारी डॉ. मोनिका राणा ने बीते गुरुवार को तमिलनाडु के तेनकासी जिले के जिलाधिकारी का कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह तिरुनेलवेली नगर निगम में कमिश्नर के पद पर तैनात थीं।

 

डॉ. मोनिका राणा मूल रूप से उत्तराखंड में देहरादून जनपद के अंतर्गत जौनसार क्षेत्र की निवासी हैं। उनके परिवार की जड़ें लखामंडल से जुड़ी हैं। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में 577वीं रैंक हासिल कर आईएएस बनने का सपना पूरा किया था। वह मेडिकल डॉक्टर भी हैं और उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई मद्रास मेडिकल कॉलेज से की है। डॉ. मोनिका ने अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत उधगमंडलम में सहायक कलेक्टर के रूप में की थी। इसके बाद उन्होंने स्पेशल एरिया डेवलपमेंट प्रोग्राम की परियोजना निदेशक, नीलगिरी में INDCOSERVE की मुख्य कार्यकारी अधिकारी और मदुरै में अतिरिक्त कलेक्टर (विकास) के रूप में जिम्मेदारी निभाई। तिरुनेलवेली नगर निगम की कमिश्नर रहते हुए उन्होंने सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद सफाई व्यवस्था, नालों से गाद निकालने और डेंगू नियंत्रण अभियान पर विशेष ध्यान दिया।

 

इसके साथ ही अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी वह चर्चा में रहीं।तेनकासी की कलेक्टर का पदभार संभालने के बाद डॉ. मोनिका ने कहा कि उनकी प्राथमिकता राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले सबसे पिछड़े और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना होगी। जौनसार क्षेत्र से निकलकर तमिलनाडु में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने तक का उनका सफर उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *