ढोल-नगाड़ों के साथ फरार आरोपी के घर पहुँची दून पुलिस

प्रमेंद्र डोबाल एसएसपी देहरादून

हरीश थपलियाल, टीवी पत्रकार 

देहरादून। जानलेवा हमले के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त के खिलाफ एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसके निवास स्थान पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराई। दून पुलिस ने आरोपी के घर के मुख्य गेट समेत मोहल्ले के प्रमुख स्थानों और चौराहों पर न्यायालय के आदेश से संबंधित उद्घोषणा भी चस्पा की।

 

कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 234/2026 में धारा 3(5), 109(1), 115(2), 191(2), 351(3) और 352 बीएनएस के तहत जाबिर भाटी पुत्र रुकमुद्दीन वांछित चल रहा है। आरोप है कि 28 जून 2026 को एमजे टावर के बेसमेंट में जाबिर भाटी ने अपने साथी आसिफ बाबा उर्फ आसिफ मलिक व अन्य के साथ मिलकर प्रियांश जैन के साथ मारपीट की और धारदार हथियारों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

 

घटना के बाद से पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचते हुए फरार चल रहा था। पुलिस ने पहले न्यायालय से गैर-जमानती वारंट प्राप्त कर गिरफ्तारी के प्रयास किए। इसके बावजूद आरोपी के लगातार फरार रहने पर न्यायालय से आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए आदेश प्राप्त किए गए।

 

 

इसी क्रम में 11 अगस्त 2026 को पुलिस टीम आरोपी के निवास स्थान THDC कॉलोनी, देव ऋषि एनक्लेव, देहराखास, पटेल नगर, देहरादून पहुँची। दो गवाहों की मौजूदगी में ढोल-नगाड़ों के साथ सार्वजनिक रूप से मुनादी कराई गई। साथ ही आरोपी के मकान के मुख्य गेट और मोहल्ले के प्रमुख स्थानों व चौराहों पर न्यायालय के आदेश से संबंधित उद्घोषणा चस्पा की गई।

 

मुनादी के माध्यम से आरोपी जाबिर भाटी को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं करने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

वांछित अभियुक्त

जाबिर भाटी पुत्र रुकमुद्दीन, निवासी THDC कॉलोनी, देव ऋषि एनक्लेव, देहराखास, पटेल नगर, देहरादून।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *