विदेश में फंसे इन्द्र मणी नौटियाल के परिवार की मदद को आगे आए क्षेत्र पंचायत प्रमुख रणवीर महंत।
गोरसाड़ा गांव पहुंचकर परिजनों को सौंपा 1 लाख 121 रुपये का चेक, जनप्रतिनिधियों ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा।

हरीश थपलियाल टीवी पत्रकार
उत्तरकाशी। संकट की घड़ी में इंसानियत और सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए चिन्यालीसौड़ विकासखंड के क्षेत्र पंचायत प्रमुख रणवीर महंत ने रविवार को विदेश में फंसे इन्द्र मणी नौटियाल के परिवार की मदद के लिए आगे आए हैं। क्षेत्र पंचायत प्रमुख रणवीर महंत अपने साथ कई क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को लेकर उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव पहुंचे और इन्द्र मणी नौटियाल के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
इस दौरान रणवीर महंत ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 1 लाख 121 रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
विदेश में फंसे इन्द्र मणी नौटियाल को लेकर परिवार की चिंता और परेशानियों के बीच जनप्रतिनिधियों का गांव पहुंचकर सहयोग करना परिजनों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। क्षेत्र पंचायत प्रमुख रणवीर महंत ने कहा कि संकट के समय समाज और जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़ा होना है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को मुश्किल परिस्थितियों में खुद को अकेला महसूस नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इन्द्रमणी नौटियाल के परिजन जिस कठिन दौर से गुजर रहे हैं, उसमें सामूहिक सहयोग की आवश्यकता है। क्षेत्र पंचायत के प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए परिवार की सहायता के लिए कदम बढ़ाया है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह केवल आर्थिक मदद का मामला नहीं, बल्कि संकट में फंसे एक परिवार के साथ सामाजिक रूप से खड़े होने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इन्द्र मणी नौटियाल की सकुशल वापसी के लिए भी सभी लोग प्रयासरत हैं और संबंधित स्तरों पर आवश्यक सहयोग की उम्मीद की जा रही है।
गोरसाड़ा गांव में क्षेत्र पंचायत प्रमुख रणवीर महंत और अन्य जनप्रतिनिधियों की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि कठिन समय में जनप्रतिनिधियों का पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उनका दुख साझा करना और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना समाज में मानवीय संवेदनाओं और सामूहिक जिम्मेदारी का सकारात्मक संदेश देता है।
इस मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य रणवीर पंवार, वीरेंद्र बर्थवाल, रास विहारी, रविंद्र राणा, गजेंद्र रावत, कुलदीप चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं ग्राम प्रधान रोंतल रूद्रमणी, नेरी प्रधान रजनी देवी समेत कई स्थानीय प्रतिनिधियों ने भी परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया।