डॉ. भावना डोभाल बनीं भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष
एबीवीपी से लेकर भाजयुमो तक रहा सशक्त संगठनात्मक सफर, महिला मोर्चा को मिलेगी नई ऊर्जा

देहरादून : भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर डॉ. भावना डोभाल की नियुक्ति की गई है। उनकी नियुक्ति को संगठन में एक महत्वपूर्ण और दूरगामी निर्णय के रूप में देखा जा रहा है। डॉ. भावना डोभाल का संगठनात्मक सफर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से प्रारंभ हुआ, जहां वे राजकीय महाविद्यालय डोईवाला की प्रथम छात्र संघ अध्यक्ष रहीं।
एबीवीपी में लंबे समय तक पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने प्रदेश छात्रा प्रमुख, प्रदेश मंत्री एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इसके पश्चात मुख्यधारा की राजनीति में सक्रिय रहते हुए वे भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश मंत्री भी रहीं।
संगठन में उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने की क्षमता सर्वविदित है। पार्टी नेतृत्व को विश्वास है कि डॉ. भावना डोभाल की नियुक्ति से महिला मोर्चा को नई दिशा और मजबूती मिलेगी तथा यह निर्णय आने वाले समय में संगठन के लिए मील का पत्थर सिद्ध होगा।