हरीश थपलियाल टीवी पत्रकार
देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य में घरेलू एवं व्यावसायिक एलपीजी गैस आपूर्ति की समीक्षा की। उन्होंने तेल कंपनियों को सख्त निर्देश दिए कि घरेलू गैस सिलेण्डरों का बैकलॉग तत्काल समाप्त किया जाए और कमर्शियल गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि होटल, ढाबा और पर्यटन व्यवसाय प्रभावित न हों।

बैठक में जिलाधिकारियों से फीडबैक लेते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि गैस की उपलब्धता बढ़ाकर बाजार में किसी भी तरह की कमी या पैनिक की स्थिति न बनने दी जाए। साथ ही, कंपनियों को आ रही प्रशासनिक एवं लॉजिस्टिक समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति श्री आनंद स्वरूप ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस आपूर्ति की स्थिति में सुधार हुआ है और पैनिक बुकिंग में भी कमी आई है।
मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा के दौरान राज्य में गैस की मांग काफी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार से व्यावसायिक एलपीजी का 100 प्रतिशत कोटा यथावत रखने और आपदा की स्थिति के मद्देनजर 5 प्रतिशत अतिरिक्त कोटा देने का अनुरोध किया गया है। अनुमान के अनुसार यात्रा अवधि में लगभग 9.67 लाख व्यावसायिक सिलेण्डर और 48 हजार अतिरिक्त सिलेण्डरों की आवश्यकता होगी।
राज्य में 9 मार्च 2026 से चल रहे प्रवर्तन अभियान के तहत अब तक 5934 निरीक्षण किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 864 घरेलू और 168 व्यावसायिक गैस सिलेण्डर जब्त किए गए। इसके अलावा 362 छापे, 17 एफआईआर और 7 गिरफ्तारियां की गई हैं। ₹1,05,900 का जुर्माना भी लगाया गया है। अवैध रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण और एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
सरकार चारधाम यात्रा से पहले गैस आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने के लिए सख्त कदम उठा रही है, ताकि आम जनता और पर्यटन व्यवसाय दोनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।