देहरादून में मूसलाधार बारिश का कहर, कई नदियां चेतावनी निशान से ऊपर; 150 मार्ग अब भी बंद

हरीश थपलियाल टीवी पत्रकार
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच राज्य आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि गुरुवार को देहरादून, बागेश्वर और चमोली जिलों के लिए पूरे दिन ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि अगले तीन घंटे के लिए देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, टिहरी और उत्तरकाशी में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
उन्होंने बताया कि देहरादून और चमोली के आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की जा रही है। लगातार बारिश के कारण अलकनंदा, भागीरथी, मंदाकिनी, बालगंगा, यमुना और शारदा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कई स्थानों पर नदियां चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही हैं, जिस पर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
सचिव ने कहा कि जिन क्षेत्रों में आबादी को खतरा होने की आशंका है, वहां लोगों को पहले से चेतावनी दी जा रही है और आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई भी की जा रही है।
राज्य में भारी बारिश के चलते अब तक लगभग 1,869 सड़क मार्ग प्रभावित हुए थे, जिनमें से अधिकांश को खोल दिया गया है। फिलहाल करीब 150 मार्ग अभी भी बंद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान मार्ग खोलना जोखिम भरा होता है, इसलिए वर्षा थमने के बाद ही बंद सड़कों को खोलने का कार्य तेजी से किया जाएगा।
चारधाम यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि यात्रा फिलहाल सुचारू रूप से संचालित हो रही है। हालांकि जिन क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश हो रही है, वहां सुरक्षा के मद्देनज़र अस्थायी रूप से मार्ग बंद किए जा रहे हैं।
कैलाश मानसरोवर यात्रा के संबंध में उन्होंने बताया कि अब तक छह दल अपनी यात्रा पूरी कर सुरक्षित लौट चुके हैं। सातवां दल वर्तमान में चीन में है, जबकि शेष दल भारतीय क्षेत्र में यात्रा कर रहे हैं।
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।