हरीश थपलियाल, टीवी पत्रकार
देहरादून। कोलागढ़ रोड स्थित स्वीट कॉर्न रेस्टोरेंट में हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं के लिए रंगारंग तीज समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सुलेखा वर्मा ने किया, जिसमें 17 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पारंपरिक वेशभूषा, खेल और मनोरंजक गतिविधियों ने कार्यक्रम में खूब रंग जमाया।
समारोह में महिलाओं के बीच तीन मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पहले ‘म्यूजिकल बॉटल’ गेम में भानुप्रिया विजेता रहीं। दूसरे गेम में प्रतिभागियों को किचन में मिलने वाली हरी चीजों के नाम बताने थे, जिसमें रागिनी ने बाजी मारी। तीसरी प्रतियोगिता एक-दूसरे के गले में माला पहनाने की थी, जिसमें प्रियंका विजेता बनीं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘तीज क्वीन’ प्रतियोगिता रही, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ हिस्सा लिया। निर्णायकों ने शिवांगी को तीज क्वीन चुना।
प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार भानुप्रिया, द्वितीय प्रियंका और तृतीय पुरस्कार रागिनी को प्रदान किया गया। वहीं ‘तीज क्वीन’ का खिताब शिवांगी के नाम रहा।
कार्यक्रम में सुलेखा, कनिष्ठा, रागिनी, सपना, पूजा, हेमा, अनुराधा, नीलम, रीता, दमयंती, पुष्पा, शिवांगी, प्रिया, रेखा, सोनी, प्रियंका और शिवानी सहित कुल 17 महिलाओं ने भाग लिया।
आयोजक सुलेखा वर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेलजोल और पारंपरिक संस्कृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने मिलकर तीज की खुशियां साझा कीं और आयोजन को यादगार बनाया।