सैनिक स्कूल-नवोदय की तर्ज पर निखरेंगे एकलव्य विद्यालय: जुएल ओराम

 

बाजपुर में स्कूली छात्रों से संवाद करते केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम

 

 

उधमसिंहनगर।  केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

 

गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय के साथ विद्यालय परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधरोपण भी किया।

 

विद्यार्थियों से संवाद के दौरान जुएल ओराम ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार नागरिकता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित रहने वाली गतिविधि नहीं, बल्कि जीवनभर अपनाया जाने वाला मूल्य है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और गांवों में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

 

केंद्रीय मंत्री ने विद्यार्थियों द्वारा अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे के पृथक्करण, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित लगाए गए प्रदर्शनों का अवलोकन किया और उनके प्रयासों की सराहना की।

 

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर सरकार की प्राथमिकता

 

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बेहतर शिक्षा, आवश्यक संसाधन और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना सरकार और समाज की साझा जिम्मेदारी है। जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता और सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। लक्ष्य है कि जनजातीय समाज के प्रतिभाशाली बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

 

सैनिक स्कूल और नवोदय जैसी सुविधाओं पर फोकस

 

जुएल ओराम ने कहा कि आने वाले समय में बाजपुर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय को आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों से सुसज्जित कर उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर रहेगा, जिससे यह भविष्य में सैनिक स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं एवं शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।

 

उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में जिम्मेदार व्यवहार अपनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

 

‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत कार्यक्रम

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के तहत देशभर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, विद्यालय कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 

इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा विद्यालय के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।

इस अवसर पर ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशानी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, राज्य सरकार के प्रतिनिधि, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, कर्मचारी और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे।केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम उत्तराखंड के चार दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दौरान वे जनजातीय शिक्षा एवं कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ उत्तराखंड आदि रंगोत्सव सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे।

 


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *