
देहरादून। नागा स्टूडेंट्स यूनियन देहरादून (NSUDD) की ओर से 31वें वार्षिक फ्रेशर्स मीट का आयोजन 2 अक्टूबर 2026 को ओएनजीसी कम्युनिटी सेंटर, राजेंद्र नगर, देहरादून में किया गया। कार्यक्रम की थीम “Think Beyond, Build Beyond – Inspiring the Next Generation of Changemakers” रखी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य देहरादून में अध्ययनरत नागा समुदाय के नए विद्यार्थियों का स्वागत करने के साथ ही आपसी भाईचारे, एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी संस्कृति, परंपराओं तथा भविष्य की आकांक्षाओं को लेकर संवाद किया।
इस अवसर पर बसा नेखा (Eno. Basa Nye Kha), अध्यक्ष, नागा स्टूडेंट्स यूनियन देहरादून, सहित राजाजी टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. कोको रोसे और तुलाज़ यूनिवर्सिटी, देहरादून के दीपक बहुगुणा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की थीम के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक सोच से आगे बढ़कर रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और नवाचार के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया।
NSUDD के अनुसार, फ्रेशर्स मीट नए विद्यार्थियों के लिए एक-दूसरे से परिचित होने, अनुभव साझा करने और समुदाय की साझा आकांक्षाओं पर संवाद करने का महत्वपूर्ण मंच है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने माहौल को उत्साहपूर्ण और यादगार बना दिया।