
हरीश थपलियाल टीवी पत्रकार, देहरादून
हरिद्वार। हरिद्वार के चंडी चौक क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ गिरने की घटना को लेकर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस अधिकारियों की तत्परता से मामला जल्द ही शांत करा लिया गया।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के अनुसार 4 अगस्त की रात करीब 8:30 से 8:45 बजे के बीच बड़ी संख्या में कांवड़िए पवित्र गंगाजल लेकर अपनी-अपनी मंजिल की और जा रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी कुछ कांवड़ियों को सड़क किनारे बने निर्धारित मार्ग से जाने का निर्देश दे रहे थे। इसी दौरान दुर्भाग्यवश एक कांवड़ गिर गए,जिस पर वहां मौजूद कांवड़ियों ने आपत्ति जताई और पुलिसकर्मियों के साथ कहासुनी हो गई।
सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी आशीष भारद्वाज मौके पर पहुंचे। उन्होंने कांवड़ियों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने तत्काल नई कांवड़ और मां गंगा का ताजा पवित्र जल उपलब्ध कराया, जिसके बाद कांवड़िए अपनी यात्रा के लिए रवाना हो गए।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर ड्यूटी पर तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल के नशे में होने के आरोप लगाए गए। इस संबंध में पुलिस ने संबंधित कर्मी की मेडिकल जांच कराई, जिसमें नशे की पुष्टि नहीं हुई।
एसपी सिटी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के साथ पूरी संवेदनशीलता, सम्मान और सावधानी से व्यवहार किया जाए, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।