चुनाव से पहले रोजगार का मास्टरस्ट्रोक, दिसंबर तक 2,477 पदों पर भर्ती

 

फाइल फोटो सीएम पुष्कर धामी

 

हरीश थपलियाल, टीवी पत्रकार 

देहरादून। विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार एक बार फिर युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों का बड़ा अवसर लेकर आने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) दिसंबर से पहले विभिन्न विभागों में 2,477 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा। वहीं, पहले से विज्ञापित 1,470 पदों की लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक आयोजित करने की तैयारी है। इस तरह वर्ष के अंत तक करीब 4 हजार पदों की भर्ती प्रक्रिया महत्वपूर्ण चरण में पहुंच जाएगी।

 

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया के अनुसार दिसंबर से पहले जिन पदों पर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे, उनमें स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद, पुलिस, आबकारी एवं परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक तथा सहायक विकास अधिकारी सहित विभिन्न पद शामिल हैं।

 

इसके अलावा जिन भर्तियों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, उनकी लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक कराने की योजना है। इन परीक्षाओं में वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, तकनीकी पद, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद तथा विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पद सहित कुल 1,470 पद शामिल हैं।

 

34 हजार से अधिक युवाओं को मिल चुकी सरकारी नौकरी

धामी सरकार अपने साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा कर रही है। सरकार का कहना है कि वर्ष 2024 में लागू सख्त नकल विरोधी कानून के बाद भर्ती प्रक्रियाएं अधिक पारदर्शी और समयबद्ध हुई हैं, जिससे आवेदन से लेकर नियुक्ति तक की प्रक्रिया पहले की तुलना में तेज हुई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार पहले दिन से ही बेरोजगारी कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को अभियान चलाकर भरा गया है और आने वाले महीनों में भी हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि योग्य युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर मिल सकें और राज्य के विकास को नई गति मिले।राजनीतिक दृष्टि से भी इस भर्ती अभियान को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव से पहले सरकार रोजगार को अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल कर युवाओं तक सकारात्मक संदेश पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *