देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब में हरियाली तीज के पावन अवसर पर बुधवार को तीज महोत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला पत्रकारों के साथ ही पत्रकार परिवारों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, मेहंदी, गीत-संगीत, नृत्य और तीज के रंगों ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया।

महोत्सव में आयोजित तीज क्वीन प्रतियोगिता में नैना आहुजा ने प्रथम स्थान हासिल किया। वंदना अग्रवाल द्वितीय, माधुरी दानू तृतीय, भारती आनंद चौथे और बीना उनियाल पांचवें स्थान पर रहीं। वहीं बबीता गुसाईं को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं मंजीरा देवी यूनिवर्सिटी उत्तरकाशी के वीसी डॉ भगवन नौटियाल ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल पहाड़ों और प्राकृतिक सुंदरता से नहीं, बल्कि समृद्ध लोक संस्कृति, लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक त्योहारों से भी है। तीज जैसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तरांचल प्रेस क्लब पत्रकारिता के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण मंच भी है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन पत्रकार परिवारों को आपस में जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
पूर्व मिस इंडिया एवं सोशल एक्टिविस्ट अनुकृति गुसाई ने कहा कि तीज हमारी परंपराओं, लोक संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। आधुनिक दौर में ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करने का काम करते हैं।
अभिनेत्री, फिल्म निर्माता एवं समाजसेवी डॉ. आरुषि निशंक ने कहा कि तीज नारी शक्ति, प्रेम, समर्पण और पारिवारिक खुशियों का संदेश देता है। महिलाओं की हर क्षेत्र में बढ़ती भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
तीज क्वीन प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी और पुष्पा भल्ला ने निभाई। गरिमा दसौनी ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि संस्कृति और परंपराएं किसी भी समाज की पहचान होती हैं। आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा ने कहा कि हरियाली तीज प्रेम, उल्लास, सौहार्द, नारी सम्मान और सांस्कृतिक विरासत का पर्व है। प्रेस क्लब पत्रकारिता के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकारों को भी महत्व देता है। उन्होंने महिला पत्रकारों एवं पत्रकार परिवारों की महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में अर्चना सिंघल ग्रुप के जुनून डांस एकेडमी की अदविका, आयुषी और गुनिका ने तीज की शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब महामंत्री योगेश सेमवाल, सांस्कृतिक संयोजक मीना नेगी और सह संयोजक सुलोचना पयाल ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर उक्रांद महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मेजर संतोष भंडारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, कनिष्ठ उपाध्यक्ष सोबन सिंह गुसाईं, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, संयुक्त मंत्री शिवेश शर्मा, संप्रेक्षक विजय जोशी, कार्यकारिणी सदस्य रश्मि खत्री, वीरेंद्र डंगवाल ‘पार्थ’, हरीश थपलियाल, मनबर सिंह रावत, हिमांशु जोशी, पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह कंडारी सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं पत्रकार परिवार मौजूद रहे।