बदरीनाथ मंदिर की भेंट में कथित हेराफेरी, देहरादून से दबोचा गया कार्मिक प्रमोद नौटियाल

 

हरीश थपलियाल टीवी पत्रकार 

चमोली। श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की थाली भेंट की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री में कथित वित्तीय अनियमितता के मामले में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़ा होने के कारण शासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए थे।

 

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की तहरीर पर कोतवाली बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी प्रमोद नौटियाल

तहरीर में बताया गया कि 2 जुलाई को मंदिर में थाली भेंट की गणना के दौरान अनियमितता की सूचना मिलने पर मंदिर समिति की विभागीय जांच कराई गई। प्राथमिक जांच में समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा गणना स्थल से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को चोरी-छिपे निजी लाभ के लिए ले जाने के तथ्य सामने आए।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी चमोली मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में एसआईटी का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और 2 जुलाई की सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया।

 

जांच में सामने आया कि अभियुक्त कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाता दिखाई दिया। विवेचना में यह भी पाया गया कि उसने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट भी अवैध रूप से अपने कब्जे में लिए।

 

सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एसआईटी ने 12 जुलाई 2026 की रात अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *